मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध पर सख्ती के निर्देश
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अगस्त 2026 में जिले में 286 वारंटों का निष्पादन करते हुए गिरफ्तारी की गई। वहीं विभिन्न कांडों में वांछित 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। बैठक में महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने तथा लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने को कहा गया।
साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सूचना एकत्र कर छापेमारी और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया। जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखने को कहा गया।
सभी थाना क्षेत्रों में बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने तथा अलग-अलग स्थानों पर एंटी क्राइम वाहन जांच चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने और साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, बाल विवाह व डायन बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद पुलिस केंद्र में पुलिस सभा आयोजित कर कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं।








