मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की दावा-आपत्ति की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ी
जामताड़ा, 16 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत दावा-आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। यह समय-विस्तार दूसरी और अंतिम बार किया गया है।
जिले के पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना प्रारूप मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच कर लें और आवश्यकता के अनुसार दावा-आपत्ति दर्ज कराएं। जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा पत्र के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, किसी नाम के संबंध में आपत्ति अथवा निर्धारित आधार पर नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में सुधार और मतदान केंद्र अथवा पता परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
पात्र नागरिक ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र जमा कर सकते हैं। 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी फॉर्म-6 के माध्यम से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की गई है।








