‘स्वच्छता से समृद्धि’ के संदेश के साथ गांवों में चला जागरूकता अभियान
जामताड़ा। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत सोमवार को कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जल सहियाओं के नेतृत्व में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान ‘स्वच्छता से समृद्धि’ विषय पर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता शपथ, हाथ धुलाई, पौधारोपण तथा कचरा मुक्त गांव बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। जल सहियाओं ने लोगों को घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
गुंडलीडीह, दुधापानी, सगुना, चंद्रडीह, खाजुरी, गुवालदंगाल, बंसबोनी, बेड़ा, हरानंदनपुर, सालदहा, बेनियादंगाल, घाटपरूलिया, चरकमारा, भालको, असंलिया, आमलादही, रसूनपुर, चयनपुर, इनायतपुर, जयपुर, छोटागोबिंदपुर, बगदेहरी, जनार्दनपुर, बगईआरा और चकामताबाद समेत विभिन्न गांवों में कार्यक्रम हुए।
इस दौरान जल सहिया, शिक्षक, सेविका, सहायिका, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया गया।








