कस्तूरबा विद्यालय कुंडहित में एलुमनाई मीट, 60 पूर्व छात्राओं ने साझा की जीवन यात्रा
जामताड़ा: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), कुंडहित में JEPC के KGBV/JBAV Alumni प्रोग्राम के तहत “पूर्व छात्रा मिलन समारोह–एलुमनाई मीट 2026” का आयोजन हर्षोल्लास और आत्मीय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की करीब 60 पूर्व छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
लंबे समय बाद विद्यालय पहुंचीं पूर्व छात्राओं ने शिक्षकों, वर्तमान छात्राओं और पुराने साथियों से मुलाकात कर विद्यालय से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बिताया समय और यहां मिली शिक्षा एवं मार्गदर्शन ने उनके जीवन की आगे की यात्रा को मजबूत आधार दिया।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी एलुमनाई को प्रशंसा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद पूर्व छात्राओं ने कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राओं से संवाद कर अपने संघर्ष, चुनौतियों, उपलब्धियों और करियर से जुड़े अनुभव साझा किए। वर्तमान छात्राओं ने भी उनसे शिक्षा और भविष्य को लेकर सवाल पूछे।
कई पूर्व छात्राएं आज नर्स, शिक्षिका, सेविका, मुखिया और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। कुछ अपना व्यवसाय कर रही हैं, जबकि कुछ उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उनकी सफलता की कहानियों ने वर्तमान छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उगम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्राओं को विद्यालय से जोड़ते हुए मजबूत एलुमनाई नेटवर्क तैयार करना है, ताकि वे वर्तमान छात्राओं को निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा दे सकें। कार्यक्रम में वार्डेन-सह-शिक्षिका नीलम कुमारी, शिक्षिका प्रतिमा कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाएं तथा उगम एजुकेशन फाउंडेशन की शिवानी महतो, अम्बिका कुमारी, नेहा कुमारी और उषा कुमारी मौजूद रहीं।









