राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर अपर समाहर्ता ने की समीक्षा बैठक
जामताड़ा: जामताड़ा में राजस्व से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर शुक्रवार को अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में सभी अंचल अधिकारियों एवं अंचल निरीक्षकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर समाहर्ता ने सभी अंचलों में लंबित म्यूटेशन, सुओ म्यूटेशन, सक्सेसेशन म्यूटेशन, पार्टीशन म्यूटेशन, डिमार्केशन एवं परिशोधन से संबंधित मामलों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन को केवल वैध एवं नियमानुकूल आधार पर ही अस्वीकृत किया जाए।
बैठक में ई-रेवेन्यू कोर्ट के लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने तथा लगान वसूली की प्रगति की नियमित समीक्षा और निगरानी करने पर जोर दिया गया। ग्राम प्रधान से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति एवं विलंब के कारणों की समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।
इसके अलावा नीलाम पत्र वादों तथा न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई और आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक का उद्देश्य राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम लोगों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।









