जामताड़ा में चार विद्यालय बनेंगे मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, आयुष्मान कार्ड में तेजी लाने का निर्देश
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले के चार उच्च विद्यालयों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में अपग्रेड करने की जानकारी दी गई। इनमें गुटगुटिया उच्च विद्यालय करमाटांड़, आरके प्लस टू विद्यालय नारायणपुर, आरके प्लस टू उच्च विद्यालय नाला और आरके प्लस टू उच्च विद्यालय बागडेहरी शामिल हैं।
उपायुक्त ने आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। वहीं, पीएम-एबीएचआईएम के तहत बनने वाले नौ स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए एक सप्ताह के भीतर भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। वनाधिकार पट्टा के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी विद्यालयों में नियमित रूप से मध्याह्न भोजन योजना संचालित करने तथा बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन देने पर जोर दिया। सड़क से अनधिकृत स्पीड ब्रेकर हटाने और स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
दुर्गा पूजा को देखते हुए बिजली व्यवस्था सुदृढ़ रखने, पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन कराने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।








