महागामा में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय स्थापना की तैयारियों की समीक्षा
रिपोर्ट:निजाम खान
गोड्डा: महागामा प्रखंड में प्रस्तावित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रतिबद्धताओं की पूर्ति को लेकर समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने की। इस दौरान विद्यालय स्थापना से संबंधित भूमि, आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विद्यालय स्थापना की वर्तमान स्थिति, भूमि उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों तथा लंबित प्रक्रियाओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने विद्यालय के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय तक पहुंच के लिए संपर्क पथ, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को केंद्र सरकार और केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा निर्धारित सभी शर्तों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में भूमि हस्तांतरण, एनओसी, अस्थायी भवन, स्थायी भवन निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।









