मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर जोर
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित वारंटों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों के पालन और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की बात कही गई। बैठक में पुलिस-जनसंपर्क को मजबूत करने तथा आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती अभियान चलाने तथा असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।









