लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर, जिला विधि शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला विधि शाखा की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित वादों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में उपायुक्त को पक्षकार बनाया गया है, उनमें उपायुक्त स्तर से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद ही समयबद्ध तरीके से प्रति-शपथ पत्र न्यायालय में दायर किया जाए, ताकि मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में न्यायिक प्रक्रियाओं के बेहतर समन्वय, लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग तथा विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।








