मुहर्रम तक जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों-कर्मियों का अवकाश रद्द
जामताड़ा: मुहर्रम-2026 के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार मुहर्रम पर्व की समाप्ति तक जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि मुहर्रम के दौरान जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में बड़ी संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा अन्य विभागीय कर्मचारियों की उपलब्धता भी आवश्यक होगी।
आदेश में कहा गया है कि अक्सर ऐसे अवसरों पर अधिकारी एवं कर्मचारी अवकाश आवेदन देकर मुख्यालय छोड़ देते हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे देखते हुए सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों, अभियंताओं, पर्यवेक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों को अपने पदस्थापित क्षेत्र में बने रहने का निर्देश दिया गया है।
सभी कार्यालय प्रधानों को भी अपने स्तर से किसी अधिकारी या कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत नहीं करने तथा मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं देने को कहा गया है। विशेष परिस्थितियों में अवकाश केवल उपायुक्त की स्वीकृति के बाद ही लिया जा सकेगा।








