अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आरके प्लस टू विद्यालय खजूरी में हुआ योगाभ्यास
जामताड़ा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुंडहित के आरके प्लस टू विद्यालय, खजूरी में शनिवार को योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नित्यानंद माजी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक नित्यानंद माजी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन तथा अन्य महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे प्राणायाम भी किए गए। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक रूपम कुमार लौह, नसीमुद्दीन सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।








