जन्म-मृत्यु निबंधन को लेकर प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
कुंडहित/जामताड़ा: प्रखंड सभागार में सोमवार को जन्म एवं मृत्यु निबंधन से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जन्म-मृत्यु निबंधन की प्रक्रिया, समय सीमा तथा संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि किसी भी जन्म अथवा मृत्यु की घटना के 21 दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्र के रजिस्ट्रार को सूचना देकर निःशुल्क निबंधन कराया जा सकता है तथा प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। वहीं 30 दिनों के भीतर विलंब शुल्क के साथ प्रमाण पत्र प्राप्त करने का प्रावधान है। 30 दिन से एक वर्ष के भीतर निबंधन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी के स्तर पर आवेदन देना होगा, जबकि एक वर्ष से अधिक विलंब होने पर अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश के बाद ही निबंधन संभव होगा।प्रशिक्षण में बताया गया कि आंगनबाड़ी सेविकाएं जन्म एवं मृत्यु निबंधन की प्राथमिक सूचक हैं। उन्हें प्रत्येक माह 15 दिनों के अंतराल पर दो बार बैठक कर अपने क्षेत्र में घटित जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं की सूचना संबंधित निबंधक को उपलब्ध करानी होगी, ताकि सभी घटनाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी चंचल दास तथा पंचायत राज पदाधिकारी परमेश्वर राजा उपस्थित थे। अधिकारियों ने समय पर जन्म एवं मृत्यु निबंधन सुनिश्चित करने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने पर बल दिया।








