मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा जारी, 30 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे
निजाम खान
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। इस दौरान मतदाताओं से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। केवल प्रपत्र भरकर, फोटो चिपकाकर और हस्ताक्षरित प्रति बीएलओ को सौंपनी होगी।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा, जबकि दावा एवं आपत्तियां 5 अगस्त से 4 सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी। रैशनलाइजेशन के बाद जिले में 35 नए मतदान केंद्र जुड़ने से कुल मतदान केंद्रों की संख्या 801 हो गई है। जिले में 801 बीएलओ, 79 सुपरवाइजर और 801 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 88.75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिन मतदाताओं का नाम पूर्व एसआईआर सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक #JharkhandSIR हैशटैग के साथ सोशल मीडिया जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।








