निजाम खान
जामताड़ा। एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में शुक्रवार को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा एवं अन्य अधिकारियों ने किया। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और अतिथियों का पौधा देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और नवाचार को अपनाने तथा नशा मुक्ति अभियान के ब्रांड एंबेसेडर बनकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि नशे के कारण हृदय और लिवर जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने नशे के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी, जबकि परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने नशा छोड़ने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, कैंडल जलाकर जागरूकता का संदेश दिया गया तथा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।








