रिपोर्ट:श्रीजन हेंब्रम
जामताड़ा: हुल दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के मुर्गाबनी मोड़ और बागदाहा में बनवासी विकास आश्रम, जामताड़ा द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में बढ़ रही बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि संथाल परगना क्षेत्र में अब भी बाल विवाह जैसी रूढ़िवादी परंपराएं प्रचलित हैं, जिनके कारण बच्चे शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित बचपन जैसे अपने मूल अधिकारों से वंचित हो जाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह न केवल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करता है, बल्कि उनके भविष्य की संभावनाओं को भी सीमित कर देता है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सामुदायिक भागीदारी और जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
बनवासी विकास आश्रम ने लोगों से बाल अधिकारों की रक्षा करने, बाल विवाह और बाल मजदूरी की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पुजारी, जिला समन्वयक गोपी कुमार तथा सामुदायिक कार्यकर्ता जयप्रकाश मंडल, खुशबू कुमारी और लालतु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








