हुल दिवस पर बामनबंदी में फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, बारिश के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया जज्बा
फतेहपुर (जामताड़ा): फतेहपुर प्रखंड के बंदरनाचा पंचायत अंतर्गत बामनबंदी गांव में वीर सिदो-कान्हू हुल दिवस के अवसर पर एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। फाइनल मुकाबला भी तेज बारिश के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना की मिसाल पेश की।
टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड सचिव वकील सोरेन शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती प्रदान करता है। हुल दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता से युवाओं में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने वीर सिदो-कान्हू के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। लगातार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का जोश और समर्पण यह साबित करता है कि खेल के प्रति उनका जुनून किसी भी चुनौती से बड़ा है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों ने भी बारिश की परवाह किए बिना खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।








