जामताड़ा: आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में 24 मामलों की समीक्षा, 18 को मिली स्वीकृति
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित 24 मामलों की समीक्षा की गई, जिनमें 18 मामलों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि अतिवृष्टि से मकान क्षति के छह मामलों में आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अंचलों को अभिलेख वापस भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को अनुग्रह अनुदान समय पर उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी पहले से आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और सरकार की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क किनारे स्थित सूखे और जर्जर पेड़ों को संबंधित विभागों के समन्वय से हटाने का निर्देश भी दिया गया, जिससे जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में आपदा प्रबंधन कोषांग के कार्यों, आवंटन और अन्य प्रशासनिक मामलों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष, अपर समाहर्ता, पुलिस, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








