जामताड़ा: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियां पूरी, उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जामताड़ा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (गर्ल्स), जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, बेसिक स्कूल, प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल, आरके प्लस टू विद्यालय, यूएचएस शहरडाल, एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनबाद सहित कई केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीटिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश-निकास, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की तैयारियों की जांच की गई। जहां आवश्यक हुआ, वहां व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,380 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।








