झारखंड आंदोलनकारी नेता उमानाथ कोल के निधन से अपूरणीय क्षति : कृष्ण गोपाल महतो
जामताड़ा: झारखंड आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ नेता उमानाथ कोल के सड़क दुर्घटना में निधन पर अखिल भारत हिन्दू महासभा, जामताड़ा के जिला अध्यक्ष एवं नाला विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता कृष्ण गोपाल महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उमानाथ कोल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और जन-जन की आवाज थे। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में समाज के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया तथा हमेशा निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा की।
कृष्ण गोपाल महतो ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी उमानाथ कोल कभी विचलित नहीं हुए। वे त्याग, संघर्ष और समाज सुधार के प्रतीक थे। उनका निधन नाला विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे संथाल परगना के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
उमानाथ कोल झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल रहे। वे झामुमो के वरिष्ठ नेता, दुमका लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी, नाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तथा कोल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। कृष्ण गोपाल महतो ने कहा कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।








