जामताड़ा में NITI TARA प्लेटफॉर्म पर अधिकारियों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जिला प्रशासन और नीति आयोग के सहयोग से NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने की। इसका उद्देश्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को डिजिटल शासन प्रणाली, डेटा आधारित योजना निर्माण तथा विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि NITI TARA प्लेटफॉर्म के माध्यम से योजनाओं की रियल-टाइम समीक्षा, प्रगति की निगरानी और त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है। अधिकारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करते हुए विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्ध समीक्षा और जनहितकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। साथ ही तकनीक आधारित कार्य संस्कृति अपनाकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने NITI TARA पोर्टल और उससे जुड़े डिजिटल उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। रियल-टाइम डैशबोर्ड, भू-स्थानिक (जियोस्पेशियल) योजना उपकरण, एआई आधारित मीटिंग मिनट्स तैयार करने की सुविधा तथा ज्ञान संसाधनों के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, आकांक्षी ब्लॉक फेलो तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








