कुंडहित की बीएलओ जयश्री बाउरी को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत 08 नाला विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-183 की बीएलओ जयश्री बाउरी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन और एएसडीडीएफ (ASDDF) मार्किंग का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, कुंडहित मोहम्मद जमाले राजा के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जयश्री बाउरी ने समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से सभी कार्यों का निष्पादन कर अन्य बीएलओ के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सम्मान समारोह के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने सभी बीएलओ से इसी तरह समर्पण और दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ स्तर पर समय पर फॉर्म संग्रहण, डिजिटाइजेशन और सत्यापन का कार्य बेहद आवश्यक है। इससे मतदाता सूची अधिक सटीक बनेगी और पात्र मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।








