जामताड़ा: पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के डिजिटलीकरण को लेकर बैठक, कर्मियों को दिए गए निर्देश
जामताड़ा: जिला सांख्यिकी पदाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को विभिन्न विभागों के कर्मियों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय सीआरएस (CRS) पोर्टल के माध्यम से पूर्व में ऑफलाइन (मैनुअल) रूप से पंजीकृत जन्म एवं मृत्यु अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा डिजिटल जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि मूल ऑफलाइन जन्म एवं मृत्यु रजिस्टर में दर्ज विवरण के अनुसार ही Same to Same डेटा सीआरएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए। डिजिटलीकरण के दौरान किसी भी प्रकार का परिवर्तन, संशोधन या नई प्रविष्टि नहीं की जाएगी। यदि मूल अभिलेख में कोई त्रुटि या विसंगति है, तो उसका निपटारा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत अलग प्रक्रिया से किया जाएगा।
पुराने ऑफलाइन जन्म या मृत्यु प्रमाण-पत्रों के डिजिटलीकरण एवं डिजिटल प्रति जारी करने के लिए आवेदन के साथ रजिस्ट्रार की अनुशंसा, पूर्व में जारी ऑफलाइन प्रमाण-पत्र की सत्यापित प्रति, आवेदक (माता/पिता) के आधार कार्ड की स्व-अभिप्रमाणित प्रति, शिशु के आधार कार्ड की प्रति तथा जन्म/मृत्यु पंजीकरण रजिस्टर की सत्यापित छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। बैठक में सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।








