जामताड़ा में सहकारिता योजनाओं की समीक्षा, काजू प्रोसेसिंग प्लांट स्थापना पर जोर
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सिदो कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड (सिद्धकोफेड) के निदेशक परिषद एवं जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा ज्वाइंट वर्किंग कमेटी के कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में सिद्धकोफेड को नोडल संस्था बनाने, सदस्यता विस्तार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षण प्रतिवेदन, लैंपसों के माध्यम से कृषि एवं वनोपज आधारित कार्ययोजना, सोलर संचालित साल पत्ती प्लेट निर्माण इकाई, कोल्ड प्रेस्ड सरसों तेल इकाई तथा जिले में कृषि एवं वनोपज उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। काजू उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए जिले में काजू प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। अधिक से अधिक किसानों को सहकारी संस्थाओं से जोड़कर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में लैंपसों के कंप्यूटरीकरण, राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस, पीएम किसान समृद्धि योजना, नए सहकारी समितियों के गठन, गोदाम एवं सौर ऊर्जा संचालित मिनी कोल्ड रूम निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।








