31 जुलाई को समाहरणालय घेराव करेगी भाजपा, फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा। भाजपा जिला कार्यालय में 31 जुलाई को प्रस्तावित समाहरणालय घेराव को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष समेत आठ कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है और व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई के आंदोलन में संथाल परगना समेत अन्य जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर भ्रष्टाचार तथा कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने कहा कि सरकार की नीतियों के विरोध में आवाज उठाने वालों पर झूठे मुकदमे किए जा रहे हैं, जिसके विरोध में व्यापक आंदोलन होगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुमित शरण, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल,माधव चंद्र महतो समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।









