जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर कुंडहित थाना पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से गुम हुए छह मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की सहायता से विभिन्न स्थानों पर सक्रिय मोबाइल फोन का पता लगाया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को विधिवत सौंप दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की खोज और बरामदगी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।
मोबाइल वितरण के दौरान नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की तथा कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से मोबाइल खरीदते समय आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।








