गोड्डा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, यातायात प्रबंधन, प्रवर्तन कार्रवाई और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, क्रैश बैरियर, सड़क चिह्नांकन और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया। परिवहन विभाग को बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नाबालिग चालकों, ओवरलोड वाहनों, बिना वैध दस्तावेज और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
पुलिस विभाग को प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने, अवैध पार्किंग रोकने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को 15 अगस्त पर सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में 1 से 15 अगस्त तक नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, चित्रकला, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।









