राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने तारा मंदिर से बाबा बासुकीनाथ मंदिर तक रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स, संस्कार मंडप, टेंट अस्पताल, कंट्रोल रूम और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने तारा मंदिर ओपी में अतिरिक्त दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, रूट लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा श्रद्धालुओं की कतार को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
टेंट अस्पताल के निरीक्षण के दौरान 24 घंटे एंबुलेंस सेवा, पर्याप्त दवाइयों, स्ट्रेचर और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भीड़ बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में सफाई व्यवस्था, केंद्रीयकृत माइकिंग सिस्टम, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बारिश के दौरान रूट लाइन पर कीचड़ रोकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम जलार्पण का अनुभव मिल सके।








