कुंडहित में विशेष शिविर, 115 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस
जामताड़ा। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जिले में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को कुंडहित प्रखंड कार्यालय में विशेष शिविर आयोजित किया गया। देर शाम तक चले शिविर में कुल 153 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन किया गया तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदकों का टेस्ट लिया गया।
टेस्ट में सफल 115 पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया। वहीं 38 आवेदक निर्धारित परीक्षा में सफल नहीं हो सके। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। पूरे आयोजन के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया, जिससे प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के विशेष अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुंडहित प्रखंड कार्यालय में यह विशेष शिविर शुक्रवार को भी आयोजित होगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। विभाग ने इच्छुक लोगों से निर्धारित दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।








