जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #NewVoters अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिलेवासियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है अथवा किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। नए फॉर्म-6 जमा करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। पात्र नागरिक अपने बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे #NewVoters अभियान से जुड़कर नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।








