जामताड़ा। समाहरणालय में श्रम, नियोजन, कौशल विकास, उद्योग एवं आईटीआई विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा के दौरान श्रम विभाग की योजनाओं के तहत श्रमिकों एवं प्रवासी मजदूरों के निबंधन, छात्रवृत्ति, मातृत्व सहायता, अंत्येष्टि सहायता, दुर्घटना सहायता तथा सेफ्टी किट योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उद्योग विभाग की समीक्षा में पीएमईजीपी, पीएमएफएमई एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। पात्र लाभुकों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने तथा बैंकों के समन्वय से योजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला नियोजनालय को नियमित रोजगार मेले आयोजित करने, स्थानीय कंपनियों को प्राथमिकता देने तथा युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईटीआई से पासआउट विद्यार्थियों के जॉब प्लेसमेंट, स्थानीय उद्योगों से समन्वय और प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आईटीआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








