गोड्डा समाहरणालय सभागार में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक आयोजित कर जिले में मोबाइल नेटवर्क, डिजिटल कनेक्टिविटी, 5जी सैचुरेशन और भारत नेट परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने बीएसएनएल सहित सभी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्माणाधीन और प्रस्तावित मोबाइल टावरों का काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने मोबाइल नेटवर्क की रेंज, इंटरनेट स्पीड, कॉल गुणवत्ता और टावरों की तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जिले के जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहां बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को संयुक्त सर्वे कर विस्तृत सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। ठाकुरगंगटी, सुंदरपहाड़ी, बौआरीजोर और मेहरमा प्रखंड सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में नेटवर्क संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा गया।
भारत नेट परियोजना के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत भवनों को हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड से जोड़ने के लिए सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि बेहतर नेटवर्क के बिना शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक कार्य और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए सभी कंपनियां आपसी समन्वय से नेटवर्क व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें।









