विश्व आदिवासी दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने दी शुभकामनाएँ
निजाम खान
रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने राज्य एवं देश के समस्त आदिवासी समाज को हार्दिक शुभकामनाएँ और जोहार प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक जीवन-दर्शन का महत्वपूर्ण संवाहक है। जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी समाज का गहरा जुड़ाव प्रकृति के प्रति सम्मान और सह-अस्तित्व की अनूठी मिसाल प्रस्तुत करता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की पहचान और सांस्कृतिक चेतना में आदिवासी समाज का योगदान अतुलनीय है। विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, अधिकारों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपराएँ, लोक संस्कृति और जीवन-मूल्य हमारी साझा विरासत हैं। इनका संरक्षण केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से आदिवासी संस्कृति और विरासत का सम्मान करने तथा आने वाली पीढ़ियों तक इसे सुरक्षित पहुँचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आदिवासी समाज के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।








