राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के दौरान बासुकीनाथ की शिवगंगा में स्नान करते समय दो श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर तैनात NDRF की रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार धनबाद निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार सिंह स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके साथ आए 42 वर्षीय निशिकांत सिंह भी पानी में डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवगंगा के पास तैनात NDRF जवानों ने बिना समय गंवाए पानी में उतरकर दोनों श्रद्धालुओं का रेस्क्यू किया। टीम की तत्परता और सूझबूझ से दोनों की जान बच गई।
रेस्क्यू के बाद दोनों श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य बताई गई। NDRF टीम ने उन्हें गहरे पानी में नहीं जाने और स्नान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।
श्रावणी मेला के दौरान शिवगंगा में NDRF की टीम लगातार तैनात है और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
सतर्कता, सुरक्षा व्यवस्था और NDRF की त्वरित कार्रवाई से शिवगंगा में एक बड़ा हादसा टल गया।









