बासुकीनाथ स्थित त्रिशूल होटल में परोसी जा रही दाल में छिपकली मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को होटल और उसके किचन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थान और उसके आसपास गंदगी पाई गई। स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने पर खाद्य कारोबारी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
टीम ने होटल में परोसे जाने के लिए तैयार सभी खाद्य सामग्रियों को नियमानुसार नष्ट करा दिया। इसमें 15 लीटर दाल, 6 किलो आलू भुजिया, 8 किलो आलू-कद्दू की सब्जी, 3-3 किलो बीन्स और परवल भुजिया, 8 किलो पका चावल, 4 किलो सेव, 2 किलो आलू चाप, 1 किलो घुघनी और 4 किलो खीरा सलाद शामिल है।
होटल संचालक को दो दिनों के भीतर प्रतिष्ठान की पूरी तरह सफाई कर खाद्य सुरक्षा कार्यालय को सूचित करने का निर्देश दिया गया है। साफ-सफाई की जांच के बाद ही होटल को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल से दाल और सब्जी के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
इसके बाद टीम ने बाबा मंदिर के आसपास के अन्य होटल और पेड़ा दुकानों का भी निरीक्षण किया।









