राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को दुमका स्थित राजकीय मूक-बधिर आवासीय विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
राज्यपाल ने कहा कि मूक-बधिर विद्यार्थी समाज की मुख्यधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके विकास के लिए परिवार, समाज, विद्यालय और सरकार को मिलकर सहयोगी वातावरण तैयार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और क्षमता पर भरोसा रखते हुए शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की अपील की।
संवाद के दौरान राज्यपाल ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं और वहां भी मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालित है। उन्होंने बरेली के विद्यालय से जुड़े शिक्षकों के साथ अपने संपर्क का भी उल्लेख किया।
राज्यपाल ने विद्यालय के क्लासरूम और कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को समान अवसर और सहयोग मिलना जरूरी है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा को निखार सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। साथ ही वृद्धजनों को सम्मानित भी किया गया। राज्यपाल ने समाज के लोगों से मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा और विकास में सहयोग करने की अपील की।









