जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर सोमवार को अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में सीपी ग्राम पोर्टल एवं जिला जन शिकायत कोषांग में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा को लेकर बैठक हुई। बैठक में सीपी ग्राम पोर्टल पर दर्ज मामलों तथा आरटीआई से संबंधित आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 16 अगस्त तक सीपी ग्राम पोर्टल पर कुल 98 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 96 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि दो मामले लंबित हैं। अपर समाहर्ता ने दोनों लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, जिला जन सूचना कोषांग में धारा 6(iii) एवं अन्य प्रावधानों के तहत हस्तांतरित 12 आवेदनों की भी समीक्षा की गई। इनमें चार मामलों का निष्पादन हो चुका है, जबकि आठ आवेदन अभी लंबित हैं। उन्होंने सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आरटीआई के तहत प्राप्त आवेदनों के गंभीरता और समयबद्धता के साथ निस्तारण पर भी जोर दिया गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।








