जामताड़ा। जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, वार्षिक लक्ष्य, आवेदनों, लाभुकों के चयन और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पशुपालन विभाग की योजनाओं में सुकर विकास, बकरा विकास, कुक्कुट पालन और ब्रायलर कुक्कुट पालन समेत अन्य योजनाओं की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने योग्य लाभुकों का चयन विभागीय गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी तरीके से करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए वितरित किए जाने वाले पशुधनों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रखंड स्तर पर योजनाओं और चयन प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया।
बैठक में मत्स्य विभाग की वेद व्यास आवास योजना, विपणन योजना, पिकअप वैन, विपणन किट, मत्स्य बीज उत्पादन एवं वितरण तथा सरकारी तालाबों की बंदोबस्ती की भी समीक्षा हुई। बताया गया कि करीब 50 प्रतिशत तालाबों की बंदोबस्ती हो चुकी है। शेष तालाबों की बंदोबस्ती के लिए जागरूकता बढ़ाने और राजस्व में वृद्धि के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।








