जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन/समिति (डीडब्ल्यूएससी) की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित जलापूर्ति योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-II और अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पीएचईडी की विभिन्न जलापूर्ति परियोजनाओं, चापाकलों की कार्यशीलता और हर घर जल योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा चापाकल मरम्मती से संबंधित शिकायतों का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया गया। जलापूर्ति योजनाओं का उचित रखरखाव करते हुए नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्य में रुचि नहीं लेने वाली जल सहियाओं को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने तथा उनके स्थान पर योग्य जल सहियाओं का चयन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कार्य नहीं करने वाली एजेंसियों को नोटिस जारी करने को कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-II के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। ग्राम स्तर पर ओडीएफ स्थायित्व, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, गोबरधन और जनजागरूकता गतिविधियों को मिशन मोड में संचालित करने पर बल दिया गया। वहीं जमीनी स्तर पर छूटे योग्य एवं जरूरतमंद परिवारों को शौचालय का लाभ देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








