दुमका में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों, महिलाओं, किशोरियों और बच्चों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका की रिक्तियां, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा सेविका-सहायिका के मानदेय और अतिरिक्त मानदेय से जुड़े मामलों की भी जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बिजली और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। पोषण ट्रैकर पर दर्ज आंकड़ों और SAMMAR Report, Supportive Supervision तथा MTC से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत और सही जानकारी दर्ज की जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाएं बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के कल्याण से सीधे जुड़ी हैं। ऐसे में इनके क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।








