जामताड़ा: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इसकी तैयारियों को लेकर 23 अगस्त को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा की अध्यक्षता में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारियों के स्तर पर गठित पेशकार टीमों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुनवाई की प्रक्रिया, केस रजिस्टर, नोटिस पंजी, नोटिस तामिला की पुष्टि तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण की जानकारी दी गई। क्लस्टरवार निर्धारित पेशकार टीमों को सुनवाई के दौरान उपस्थित होने वाले मतदाताओं की उपस्थिति दर्ज करने और उनके दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सुनवाई की प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से पूरी हो तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत दावा-आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया गया।









