फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोहनाबाक के प्रभारी प्रधानाध्यापक सोहन हांसदा का रविवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षक समुदाय, विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि सोहन हांसदा जामताड़ा के सुभाष चौक स्थित शिक्षक कॉलोनी में रहते थे। बीमारी के दौरान रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं परिचितों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई। शिक्षकों ने बताया कि सोहन हांसदा विद्यालय के कार्यों के प्रति काफी गंभीर और जिम्मेदार थे। प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया। विद्यार्थियों के प्रति उनका व्यवहार आत्मीय था और सहकर्मियों के बीच भी वे सरल एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। आदिवासी शिक्षक संघ के सचिव दुलाल हांसदा ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सोहन हांसदा के निधन से शिक्षक समाज ने एक समर्पित और कर्मठ शिक्षक को खो दिया है। उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। शिक्षकों ने कहा कि सोहन हांसदा का असामयिक निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। विद्यालय परिवार ने भी उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।









