जामताड़ा: कुंडहित अंचल सभागार में 24 अगस्त 2026 को प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं इंटीग्रेटेड फार्मिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, फसल संबंधी आंकड़ों के डिजिटल संधारण तथा एकीकृत कृषि प्रणाली के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फसल बीमा से संबंधित प्रायोगिक प्रशिक्षण रहा। कृषकों को बताया गया कि वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं फसल बीमा कैसे कर सकते हैं। इसके बाद उपस्थित किसानों से उनके अपने मोबाइल फोन पर फसल बीमा की प्रक्रिया का प्रैक्टिकल कराया गया, ताकि वे भविष्य में बिना किसी सहायता के स्वयं बीमा करा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा डिजिटल माध्यम से कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO), प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM) एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM), कुंडहित उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को तकनीक आधारित कृषि व्यवस्था से जोड़ना और सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना रहा।









