जामताड़ा, 24 अगस्त। समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिले में ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक हुई। बैठक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के नियमित आयोजन, रक्त संग्रहण, सुरक्षित भंडारण और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने को लेकर समीक्षा की गई।
बैठक में जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 11 सदस्यीय कमिटी का गठन किया गया। कमिटी में पुलिस अधीक्षक, समादेष्टा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, आईएमए प्रतिनिधि समेत स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
बैठक में रक्त केंद्र की वर्तमान क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को जिले की वर्तमान एवं भावी जरूरतों के अनुरूप समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। सरकारी-गैर सरकारी संस्थाओं, सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के सहयोग से नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने और रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
रक्तदाताओं को सम्मानित करने तथा रक्त केंद्र के लिए अतिरिक्त स्थल को लेकर भवन प्रमंडल से एस्टीमेट तैयार कराने का भी निर्देश दिया गया।









