हैदराबाद में इलाज के दौरान 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर की मौत, गांव पहुंचा शव
जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के दीघारी पंचायत अंतर्गत चैनपुर काकरीबाद टोला निवासी 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर लादेन अंसारी की हैदराबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। टेलीफोनिक जानकारी के अनुसार, लादेन अंसारी की तबीयत खराब होने के बाद उसे हैदराबाद में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। बताया गया कि दो दिन पूर्व डेंगू मच्छर के काटने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हामिद अंसारी के पुत्र लादेन अंसारी के रूप में हुई है। मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाज के दौरान मौत होने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से लादेन अंसारी का शव उसके पैतृक गांव चैनपुर काकरीबाद टोला लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
युवा उम्र में प्रवासी मजदूर की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।








