तकनीकी योजनाओं में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करें अधिकारी: समीक्षा बैठक
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों के तहत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआरईपी, विशेष प्रमंडल, पथ, लघु सिंचाई, भवन प्रमंडल, पीएचईडी, ग्रामीण कार्य विभाग, जल संसाधन और विद्युत विभाग की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं का प्राक्कलन एक सप्ताह के भीतर समर्पित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्तर पर जांच कर जियोटैग फोटोग्राफ के साथ प्रतिवेदन देने को कहा गया। योजनाओं में किसी भी प्रकार का डुप्लीकेशन नहीं हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, इस पर विशेष जोर दिया गया।
पुरानी एवं लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कार्यों में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताई गई। ग्रामीण सड़क परियोजनाओं में धीमी प्रगति पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 4748 शिकायतों में से 3577 नलकूप मरम्मती संबंधी शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। शेष शिकायतों का जल्द निपटारा करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को बिजली चोरी के खिलाफ नियमित छापेमारी और विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा शहरी क्षेत्रों में पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्किल्ड मैनपावर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।








