जामताड़ा में साइबर ठगी का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित कर सकलपुर से गोपालपुर जाने वाली पक्की सड़क के किनारे पलास जंगल झूड़ में छापेमारी की गई। इस दौरान साइबर ठगी करते चार आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अंसारी (25), निवासी शहरपुरा, थाना जामताड़ा; समसुद्दीन अंसारी (30), निवासी मदकपुर; जानी बाबू (22), निवासी डुमरिया और कलीम अंसारी (24), निवासी कुरूवा, थाना करमाटांड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 53/26, दिनांक 29 अगस्त 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी YONO ऐप चलाने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद व्हाट्सऐप और स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए पीड़ितों के मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराकर यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे। ओटीपी मिलने के बाद नेट बैंकिंग के माध्यम से बैंक खातों से रकम की ठगी की जाती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।








