जामताड़ा के उच्च विद्यालयों में ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ के तहत विशेष ऑनलाइन कक्षाओं का शुभारंभ
जामताड़ा। जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को ‘प्रोजेक्ट प्रज्ञान’ के तहत विशेष ऑनलाइन कक्षाओं की शुरुआत की गई। संयुक्त सहकारिता भवन, जामताड़ा से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी, जामताड़ा आलोक कुमार ने रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस पहल का उद्देश्य जिले के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करते हुए विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार लाना है। डिजिटल माध्यम से कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों को गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।
विशेष ऑनलाइन कक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी। विद्यालयों के ICT लैब और प्रोजेक्टर के माध्यम से कक्षाओं का प्रसारण किया जाएगा। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति दर्ज करने के साथ उनकी शैक्षणिक प्रगति की निगरानी भी की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई के साथ शिक्षक रैंडम तरीके से विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों की कमियों का आकलन करेंगे। प्रत्येक विद्यालय के लिए नोडल पदाधिकारी भी नामित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








