जमाबंदी जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत पर उपायुक्त ने दिए जांच के निर्देश
जामताड़ा। आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। मंगलवार को समाहरणालय पहुंचने के क्रम में पोर्टिको के समीप उपायुक्त ने नारायणपुर प्रखंड से आए एक फरियादी की शिकायत सुनी। फरियादी ने अपनी जमाबंदी जमीन पर एक दबंग व्यक्ति द्वारा कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
फरियादी की बात सुनने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी वस्तुस्थिति की जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं और शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा मामलों में त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन की इस पहल से फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जगी है।








