MMDR संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ 7 सितंबर को धरना-प्रदर्शन:कुणाल कांचन
निजाम खान
जामताड़ा: झामुमो युवा जिला अध्यक्ष कुणाल कांचन ने MMDR संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदाओं पर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए आगामी 7 सितंबर, सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
कुणाल कांचन ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक विधेयक के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों, अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान और अर्थव्यवस्था में जल, जंगल, जमीन तथा खनिज संसाधनों की अहम भूमिका है। ऐसे में इन संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने झामुमो कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही इस मुद्दे को मजबूती के साथ उठाया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होकर झारखंड के अधिकारों और संसाधनों की रक्षा की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।








