जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में वेतन भुगतान और नियुक्ति मामलों की समीक्षा
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक हुई। बैठक में शिक्षक के वेतन भुगतान, सहायक आचार्य की नियुक्ति समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की।
बैठक के दौरान एक शिक्षक के वेतन भुगतान से संबंधित मामले पर चर्चा की गई। वहीं कुटुंब न्यायालय द्वारा पत्नी को वेतन का कुछ हिस्सा दिए जाने के न्यायादेश के आलोक में विभाग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सहायक आचार्य की नियुक्ति से जुड़े एक मामले में प्रमाण पत्रों में विसंगतियां एवं अन्य अड़चनें सामने आने पर नियमानुसार समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। समिति ने अन्य प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








